5 अगस्त को 'लाल बाजार चलो' अभियान का ऐलान
कोलकाता। बंगाल में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार के नेतृत्व में आगामी 5 अगस्त को कोलकाता पुलिस मुख्यालय के घेराव के लिए लाल बाजार चलो अभियान का आह्वान किया गया है। पार्टी नेतृत्व ने आरोप लगाया है कि राज्य में हाल के दिनों में घटी कई आपराधिक घटनाओं में पुलिस की भूमिका बेहद निराशाजनक और संदिग्ध रही है। आरोप है कि पुलिस आम जनता की शिकायतों पर निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय पूरी तरह से सत्तारूढ़ दल के दबाव में काम कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए कहा कि राज्य में नागरिक सुरक्षा पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। 5 अगस्त को होने वाले इस प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस पुलिस प्रशासन की पक्षपातपूर्ण कार्यप्रणाली और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराएगी।